पालघर: महाराष्ट्र के पालघर जिले के विरार से एक शर्मसार कर देने वाली खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, विरार में 17 साल की एक लड़की के साथ 2 लोगों ने बलात्कार की वारदात को अंजाम दिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपियों ने लड़की को भूत-प्रेत का डर दिखाकर उसे अपने जाल में फंसाया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
‘लड़की विरार के जीवदानी मंदिर गई थी’पुलिस के मुताबिक, आरोपी प्रेम पाटिल और करण पाटिल ने लड़की को डराया कि वह भूतों के साये में है। यह वाकया तब शुरू हुआ जब लड़की विरार के जीवदानी मंदिर गई थी। वहां से लौटने के बाद उसे तबीयत खराब लगी। दोनों आरोपियों ने उसे बताया कि वह भूत-प्रेत से घिरी है और अगर इसका इलाज नहीं हुआ तो वह कभी मां नहीं बन पाएगी और उसके होने वाले पति की जान को भी खतरा हो सकता है।
‘लड़की को एक होटल में ले गए आरोपी’आरोपियों ने लड़की को एक तथाकथित बाबा के पास ले जाने का बहाना बनाया, जो कथित तौर पर कुछ रस्में करके उसे ठीक करने का दावा करता था। इसके बाद वे उसे नालासोपारा के एक होटल में ले गए, जहां उन्होंने उसके साथ बलात्कार किया। लड़की को जब इस बात का अहसास हुआ, तो उसने हिम्मत दिखाते हुए पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मंगलवार को दोनों आरोपियों, प्रेम पाटिल और करण पाटिल, को गिरफ्तार कर लिया।
‘कुछ घंटों के भीतर ही पकड़े गए आरोपी’पुलिस ने बताया कि शिकायत मिलने के कुछ घंटों के भीतर ही आरोपियों को पकड़ लिया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS), पॉक्सो एक्ट और महाराष्ट्र मानव बलि एवं अन्य अमानवीय प्रथाओं और जादू-टोना निषेध अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को वसई की एक अदालत ने पुलिस हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच तेजी से की जा रही है ताकि पीड़िता को इंसाफ मिल सके।
You may also like
मप्रः भोपाल में पहली बार राजकीय सम्मान के साथ हुआ देहदान
मध्य प्रदेश को बना रहे हैं देश का नया फूड बॉस्केट : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
हमारा गौरव हैं प्रदेश के खिलाड़ी : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
स्वास्थ्य केंद्र पर कार्यरत सीएचओ ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर की आत्महत्या
मध्य प्रदेश मेक इन इंडिया के तहत रक्षा एवं एयरोस्पेस क्षेत्र में अग्रणी बनने को तैयार