पटना: 'बिहार को एक ऊर्जावान और दूरदर्शी नेता की जरूरत है और चिराग पासवान किसी बड़ी भूमिका के लिए फिट एंड फाइन हैं।' लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की ओर से कहा गया कि उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान चुनावी राज्य बिहार में बड़ी जिम्मेदारी निभाने के लिए तैयार हैं। चिराग पासवान के बहनोई और जमुई के सांसद अरुण भारती ने कहा कि राज्य को एक ऊर्जावान और दूरदृष्टि रखने वाले 'फिट' नेता की जरूरत है। राज्य में सियासी पारा बढ़ाने वाली टिप्पणियां करते हुए चिराग पासवान के बहनोई सांसद अरुण भारती ने कहा कि भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) को एक साथ बैठकर निर्णय लेना चाहिए, क्योंकि केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान राज्य के एक ऐसे नेता हैं, जिनके पास दूरदृष्टि है और सभी जातियों और समुदायों में उनकी स्वीकार्यता है। बहनोई को अपने साले पर भरोसालोकसभा में पार्टी के मुख्य सचेतक ने अरुण भारती ने कहा कि अन्य नेताओं में न तो दूरदर्शिता है और न ही उनकी स्वीकार्यता है। हालांकि, उन्होंने जद(यू) अध्यक्ष और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व पर कोई टिप्पणी करने से परहेज किया। बिहार बीजेपी कोटे से डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा का भी नाम नहीं लिया। चिराग पासवान के बहनोई अरुण भारती ने कहा कि नीतीश के नेतृत्व में बिहार ने शानदार काम किया है, लेकिन उन्होंने कहा कि अन्य राज्यों की तुलना में इसकी विकास यात्रा अभी भी पीछे है। 'चिराग पासवान 'फिट' और 'सक्षम' हैं'चिराग पासवान के बहनोई और जमुई के सांसद अरुण भारती ने कहा कि बिहार एक बड़े बदलाव के मुहाने पर खड़ा है। चुनाव के बाद जो भी सत्ता में आएगा, वो अगले 20 से 25 वर्षों के लिए राज्य की यात्रा को आगे बढ़ाएगा और उसे आकार देगा। ये केवल एक दूरदर्शी और स्वीकार्य नेता ही कर सकता है। मेरी पार्टी का मानना है कि चिराग पासवान 'फिट' और 'सक्षम' हैं और बड़ी जिम्मेदारी उठाने के लिए तैयार हैं। चिराग पासवान की ओर से खाली की गई जमुई लोकसभा सीट से निर्वाचित हुए अरुण भारती ने केंद्रीय मंत्री की लोकप्रियता पर जोर देते हुए कहा कि पूरे राज्य के लोग उनकी ओर आकर्षित हो रहे हैं। चिराग पासवान ने पिछले साल हाजीपुर सीट से चुनाव लड़ा था और जीत हासिल की थी। चिराग के लिए ताबड़तोड़ बैटिंगअरुण भारती ने दावा किया कि चिराग पासवान जहां भी जाते हैं, वहां 50,000 से कम लोग नहीं जुटते हैं। लोजपा (रामविलास) राजग का तीसरा सबसे बड़ा घटक दल है, जिसमें भाजपा और जद(यू) के अलावा कुछ छोटी पार्टियां भी शामिल हैं। हालांकि, भाजपा और चिराग पासवान समेत राजग के घटक दलों ने अक्सर ये कहा है कि गठबंधन नीतीश कुमार के नेतृत्व में (बिहार विधानसभा) चुनाव लड़ेगा, लेकिन राज्य में सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने वाले नीतीश कुमार के स्वास्थ्य को लेकर सवाल उठते रहे हैं और विपक्षी दल इस मुद्दे को उठाते रहे हैं। चिराग की रोल लेकर अटकलेंदरअसल, चिराग पासवान ने हाल ही में कहा था कि वो बिहार की राजनीति में आना चाहते हैं। बिहार में विधानसभा चुनाव अभी करीब छह महीने दूर हैं, ऐसे में लोजपा (रामविलास) अपने नेता के लिए एक बड़ी भूमिका तलाश रही है। जद(यू) के साथ पार्टी के संबंध उतार-चढ़ाव भरे रहे हैं। इसका साइड इफेक्ट बिहार विधानसभा चुनाव 2020 में दिखा था। तब, चिराग पासवान एनडीए से बाहर आ गए थे और नीतीश कुमार पर जमकर हमला किया था। उन्होंने जद(यू) के उम्मीदवारों वाले निर्वाचन क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित किया था, जिससे उसकी कुल सीटों की संख्या में बड़ी गिरावट आई थी। हालांकि, चिराग पासवान की पार्टी केवल एक सीट ही जीत सकी थी। इनपुट- भाषा
You may also like
IPL 2025: दिल्ली ने लखनऊ को 8 विकेट से हराया, राहुल की फिफ्टी और मुकेश की घातक गेंदबाजी से मिली शानदार जीत
पहलगाम आतंकी हमले में 16 की मौत, गृह मंत्री की अध्यक्षता में सुरक्षा समीक्षा बैठक (लीड-1)
प्रधानमंत्री मोदी का पहला अंतरराष्ट्रीय पॉडकास्ट अगले महीने
बुधवार के दिन इन राशियों को मिल सकते हैं शुभ संकेत…
LSG vs DC: राहुल के अर्धशतक से लेकर मुकेश की गेंदबाजी तक, ये रहे मैच के टॉप-3 मोमेंट्स