Next Story
Newszop

बिहार में फिर बिगड़ेगा मौसम: गया, औरंगाबाद समेत कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट, जानें वेदर अपडे्टस

Send Push
पटना: बिहार के लोगों के लिए आने वाले कुछ दिन मुश्किल भरे हो सकते हैं। पटना मौसम विभाग ने आज दक्षिण और मध्य बिहार के कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार, मानसून की द्रोणिका रेखा बिहार के ऊपर से गुजर रही है। इस वजह से राज्य में मानसून सक्रिय हो गया है। बारिश की गतिविधियां तेज हो गई हैं। गुरुवार को बक्सर, कटिहार और सीवान में भी भारी बारिश हुई। आज शुक्रवार को भी गयाजी, औरंगाबाद सहित कई जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक ऐसी ही स्थिति बनी रहने की संभावना है।





मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने 22 अगस्त सुबह 8:30 बजे से 23 अगस्त सुबह 8:30 बजे तक राज्य के कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। दक्षिण और मध्य बिहार के कई हिस्सों को ऑरेंज अलर्ट में रखा गया है, जबकि कुछ जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।



किन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट?

मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, राज्य के गयाजी, औरंगाबाद, नवादा, जहानाबाद, वैशाली और समस्तीपुर जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान अति भारी बारिश और वज्रपात की संभावना है। इस जिलों के लिए विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं पटना, अरवल, नालंदा, भोजपुर, बक्सर, रोहतास, कैमूर, सीवान, सारण, बेगूसराय, शेखपुरा, जमुई, लखीसराय, मुंगेर, भागलपुर, बांका, खगड़िया जिले के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। यहां बारिश और वज्रपात होने की आशंका जतायी गई है।



image

इन जिलों का साफ रहेगा मौसम

हालांकि उत्तर बिहार के कई जिलों में आज मौसम साफ रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर बिहार के कई जिले जैसे दरभंगा, मधुबनी, सीतामढ़ी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा, सहरसा, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण का मौसम साफ रहेगा। इन जिलों के लिए किसी तरह की कोई चेतावनी नहीं है। यहां मौसम सामान्य रहने की संभावना है।



प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान पटना का रहा

प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस पटना में दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश स्थानों के अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं दर्ज की गई। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 25.0 डिग्री सेल्सियस वाल्मीकि नगर में दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश स्थानों के न्यूनतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं दर्ज की गई। राज्य के मुजफ्फरपुर जिले में 33 कि.मी./ घंटा तक की हवा दर्ज की गई।

Loving Newspoint? Download the app now